नीमच। जनगणना 2027 के प्रथम चरण के अंतर्गत शुक्रवार, 1 मई 2026 से जिले में मकान सूचीकरण का कार्य विधिवत प्रारंभ हो गया है। कलेक्टर एवं जिला जनगणना प्रमुख हिमांशु चंद्रा के निर्देशानुसार जिले के सभी प्रगणकों ने एचएलओ (हाउस लिस्टिंग ऑपरेशन) एप के माध्यम से डिजिटल रूप से मकानों की एंट्री शुरू कर दी है।
घर-घर पहुंचकर हो रहा डिजिटल पंजीकरण-
प्रगणक घर-घर पहुंचकर मकानों का विवरण डिजिटल रूप से दर्ज कर रहे हैं। वे जनगणना पहचान पत्र एवं बैग के साथ घरों पर मकान नंबर अंकित कर रहे हैं तथा दीवारों पर चूने से कोड भी लिखे जा रहे हैं।
कलेक्टर ने दिए समयबद्ध लक्ष्य-
जिला प्रशासन द्वारा प्रगणकों को निर्धारित समयसीमा में कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए गए हैं। 5 मई तक 10 प्रतिशत कार्य, 10 मई तक 40 प्रतिशत कार्य पूर्ण करने का लक्ष्य रखा गया है। सभी पर्यवेक्षकों को 5 मई तक डाटा सिंक कार्य प्रारंभ करने के निर्देश भी दिए गए हैं।
नागरिकों से सहयोग की अपील-
कलेक्टर चंद्रा ने जिलेवासियों से अपील की है कि वे जनगणना कार्य में लगे प्रगणकों को सही एवं पूर्ण जानकारी देकर सहयोग करें। उन्होंने कहा कि यह कार्य शासन की भविष्य की योजनाओं के निर्माण में अत्यंत महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।