देवास। ग्रामीण समस्याओं के त्वरित समाधान और शासन की योजनाओं को जमीनी स्तर तक पहुंचाने के उद्देश्य से शुक्रवार को कलेक्टर ऋतुराज सिंह ने उदयनगर तहसील के ग्राम पिपरी में रात्रि चौपाल आयोजित की। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों के बीच बैठकर उनकी समस्याएं सुनीं और मौके पर ही संबंधित अधिकारियों को निराकरण के निर्देश दिए।
चौपाल में कलेक्टर ने विभिन्न सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन, मूलभूत सुविधाओं और स्थानीय जरूरतों की विस्तार से समीक्षा की। किसानों, महिलाओं, युवाओं और बुजुर्गों ने अपनी समस्याएं खुलकर रखीं, जिनके समाधान को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए गए। कलेक्टर ने कहा कि प्रशासन का लक्ष्य गांव-गांव पहुंचकर लोगों की समस्याओं का समय पर समाधान करना है।
इस दौरान नर्मदा परिक्रमा करने वाले श्रद्धालुओं के लिए शौचालय सुविधा के अभाव को देखते हुए सनातन विचार मंच समिति को 3 लाख रुपए की सहायता राशि प्रदान की गई। वहीं, ग्राम की भजन मंडली के लिए आवश्यक सामग्री हेतु 50 हजार रुपए की आर्थिक सहायता स्वीकृत की गई।
कलेक्टर ने युवाओं को नशे से दूर रहने की अपील की और अभिभावकों से बच्चों को नियमित शिक्षा के लिए प्रेरित करने का आग्रह किया। साथ ही नशे की हालत में वाहन न चलाने और हेलमेट के उपयोग पर विशेष जोर दिया।
स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा के दौरान नवजात शिशुओं की देखभाल, टीकाकरण और 14 वर्ष की बालिकाओं को एचपीवी टीका लगवाने के लिए भी जागरूक किया गया।
ग्रामीणों द्वारा क्षेत्र में पर्यटन की संभावनाएं बताए जाने पर कलेक्टर ने आश्वासन दिया कि पर्यटन विकास को बढ़ावा देकर स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर सृजित किए जाएंगे।