जावरा। अवैध मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना जावरा शहर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 15.30 ग्राम अवैध एमडी ड्रग्स के साथ तीन युवकों को गिरफ्तार किया है। जब्त मादक पदार्थ की अनुमानित कीमत करीब 30 हजार रुपए बताई गई है।
पुलिस अधीक्षक रतलाम अमित कुमार के निर्देश पर जिलेभर में मादक पदार्थ तस्करों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विवेक कुमार लाल, नगर पुलिस अधीक्षक जावरा युवराज सिंह चौहान एवं थाना प्रभारी निरीक्षक दीपक कुमार मंडलोई के मार्गदर्शन में पुलिस टीम ने मुखबिर सूचना पर कार्रवाई की।
पुलिस ने 2 मई 2026 को सेमलिया वाली मस्जिद के पीछे इमामबाड़े के पास दबिश देकर आरोपी वाहीद पिता नाहीद पठान (27) निवासी पिपली बाजार, जावरा को 15.30 ग्राम एमडी ड्रग्स के साथ गिरफ्तार किया। आरोपी के खिलाफ थाना जावरा शहर में अपराध क्रमांक 150/2026 धारा 8/22 एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया।
पूछताछ एवं आरोपी के मेमो के आधार पर पुलिस ने मामले में दो अन्य आरोपियों आरिफ पिता रईस पठान (24) निवासी बिजलीघर के पीछे जावरा तथा फरहान पिता अकरम कुरैशी (19) निवासी कड़ाथुरपुरा, तालनाका जावरा को भी गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार आरोपियों के पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड भी सामने आए हैं।
जब्त सामग्री-
पुलिस ने एक प्लास्टिक की जिपर थैली में भरी 15.30 ग्राम एमडी ड्रग्स जब्त की है, जिसकी कीमत लगभग 30 हजार रुपए आंकी गई है।
सराहनीय भूमिका-
पूरी कार्रवाई में थाना जावरा शहर पुलिस टीम एवं साइबर सेल की सराहनीय भूमिका रही। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटा रही है।