नीमच। कलेक्टर हिमांशु चंद्रा के निर्देश पर ग्राम कोज्या, तहसील सिंगोली में 6 मई 2026, बुधवार को विशेष संयुक्त विभागीय शिविर आयोजित किया जाएगा। यह शिविर 23 अप्रैल को आयोजित रात्रि चौपाल में ग्रामीणों द्वारा प्रस्तुत शिकायतों, समस्याओं एवं सुझावों के त्वरित निराकरण के उद्देश्य से लगाया जा रहा है।
योजनाओं की जानकारी और लाभ एक ही स्थान पर-
शिविर का उद्देश्य ग्रामीणों को विभिन्न विभागों की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ एक ही स्थान पर उपलब्ध कराना तथा योजनाओं की विस्तृत जानकारी देकर उन्हें लाभान्वित करना है।
सभी विभागों के अधिकारी रहेंगे मौजूद-
कलेक्टर हिमांशु चंद्रा ने सभी विभागों को शिविर में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। शिविर में विभागवार अधिकारी कार्य समाप्ति तक उपस्थित रहेंगे और ग्रामीणों की समस्याओं का समाधान करते हुए योजनाओं का लाभ प्रदान करेंगे।
विभागवार ड्यूटी लगाई गई-
अनुविभागीय अधिकारी राजस्व, उपखंड जावद प्रीति सिंघवी ने बताया कि शिविर के लिए विभागवार अधिकारियों की ड्यूटी निर्धारित कर दी गई है।
ग्रामीणों से अधिक संख्या में पहुंचने की अपील-
प्रशासन ने ग्राम कोज्या एवं आसपास के क्षेत्र के नागरिकों से अपील की है कि वे 6 मई को आयोजित शिविर में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ उठाएं।