नीमच। बरगी डैम में हुए भीषण हादसे को लेकर पूरे क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है। कई परिवारों की असामयिक मौत पर युवक कांग्रेस ने सोमवार शाम नीमच में कैंडल मार्च निकालकर श्रद्धांजलि अर्पित की तथा प्रशासनिक लापरवाही के खिलाफ विरोध दर्ज कराया।
कांग्रेस पार्टी के बैनर तले बड़ी संख्या में कार्यकर्ता गांधी भवन स्थित कार्यालय पर एकत्रित हुए। यहां से जिलाध्यक्ष मन्नू बना बागरेड के नेतृत्व में कैंडल मार्च निकाला गया, जो शहर के प्लेटिनम चौराहा होते हुए विजय टॉकीज तक पहुंचा। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने हाथों में मोमबत्तियां लेकर मृतकों को श्रद्धांजलि दी और न्याय की मांग की।
प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने पर्यटन मंत्री के पोस्टर जलाकर कड़ा विरोध जताया तथा जोरदार नारेबाजी की। इस दौरान दोषियों पर सख्त कार्रवाई और मंत्री के इस्तीफे की मांग की गई।
जिलाध्यक्ष मन्नू बना बागरेड ने कहा कि यह हादसा केवल दुर्घटना नहीं, बल्कि प्रशासनिक लापरवाही का परिणाम है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जिम्मेदारों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं की गई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
इस अवसर पर बड़ी संख्या में वरिष्ठ नेता एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।