देवास। जिला अभिभाषक संघ देवास ने अधिवक्ता जितेंद्र सिंह गौड़ से जुड़े मामले को लेकर मंगलवार को कलेक्ट्रेट कार्यालय पर प्रदर्शन किया। बड़ी संख्या में अधिवक्ता एकत्रित होकर कलेक्टर को ज्ञापन सौंपते हुए निष्पक्ष जांच एवं कार्रवाई की मांग की।
अधिवक्ताओं ने बताया कि हाल ही में अधिवक्ता जितेंद्र सिंह गौड़ के खिलाफ जिला बदर की कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू किए जाने की जानकारी सामने आई है, जिस पर संघ ने आपत्ति जताई है। उनका कहना है कि गौड़ को गलत तरीके से प्रकरण में फंसाया जा रहा है, जबकि वे पूर्व में न्यायालय से कई मामलों में बरी हो चुके हैं और लंबे समय से सामाजिक व जनहित के मुद्दों पर सक्रिय रहे हैं।
कलेक्ट्रेट पहुंचे अधिवक्ताओं ने प्रशासन से मांग की कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर वास्तविक तथ्यों के आधार पर ही निर्णय लिया जाए। साथ ही चेतावनी दी कि यदि न्यायसंगत कार्रवाई नहीं की गई तो अधिवक्ता संघ आगे आंदोलन करने को बाध्य होगा।
ज्ञापन सौंपने के दौरान बड़ी संख्या में अधिवक्ता उपस्थित रहे और प्रशासन से पारदर्शी व निष्पक्ष निर्णय लेने की अपील की।