नीमच। श्री एसआर ग्रुप ऑफ कॉलेजेस, नीमच में गुरु पूर्णिमा का पावन पर्व श्रद्धा, उत्साह एवं गरिमामय वातावरण में हर्षाेल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राध्यापकगण, अधिकारी, कर्मचारी एवं विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए भारतीय गुरु-शिष्य परंपरा के महत्व को आत्मसात किया।
कार्यक्रम में महाविद्यालय के डायरेक्टर धर्मेश तिवारी ने सभी विद्यार्थियों एवं स्टाफ सदस्यों को गुरु पूर्णिमा की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि विद्यार्थियों की ऊर्जा, अनुशासन, समर्पण एवं प्रतिभा ही संस्था की सबसे बड़ी शक्ति है। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों के अथक प्रयासों से संस्था निरंतर नई ऊंचाइयों को प्राप्त कर रही है और भविष्य में भी उत्कृष्टता के नए आयाम स्थापित करेगी।
इस अवसर पर महाविद्यालय के एडमिन मोहनलाल शर्मा एवं फार्मेसी प्राचार्य डॉ. चेतना त्रिपाठी ने विद्यार्थियों को प्रेरणादायी संदेश देते हुए गुरु के प्रति सम्मान, अनुशासन एवं निरंतर सीखते रहने की भावना को जीवन में सफलता का आधार बताया।
कार्यक्रम के संयोजक जितेन्द्र कटारिया ने आयोजन को सफल बनाने में विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं सहयोगी स्टाफ के योगदान की सराहना करते हुए सभी के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों की उत्कृष्ट सहभागिता और टीम भावना ने समारोह को यादगार बना दिया।
गुरु पूर्णिमा महोत्सव के अंतर्गत चित्रकला, निबंध लेखन एवं भाषण प्रतियोगिताओं का भी आयोजन किया गया, जिनमें विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर भाग लेते हुए अपनी रचनात्मकता, विचारशीलता एवं प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। पूरे आयोजन के दौरान सांस्कृतिक एवं प्रेरणादायी वातावरण बना रहा।
कार्यक्रम का समापन गुरुजनों के प्रति सम्मान एवं राष्ट्र के उज्ज्वल भविष्य के निर्माण के संकल्प के साथ हुआ। समारोह ने विद्यार्थियों को भारतीय संस्कृति के मूल्यों से जोड़ने के साथ-साथ शिक्षा के प्रति समर्पण का संदेश भी दिया।