मंदसौर। सावन मास के शुभारंभ के साथ ही विश्व प्रसिद्ध भगवान श्री पशुपतिनाथ महादेव मंदिर में बुधवार सुबह से श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया। भगवान पशुपतिनाथ के दर्शन एवं पूजन-अर्चन के लिए जिले सहित आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिर पहुंच रहे हैं। पूरा मंदिर परिसर हर-हर महादेव के जयघोष से गुंजायमान हो उठा।
सावन मास को भगवान शिव की आराधना के लिए अत्यंत पुण्यदायी माना जाता है। इसी के चलते श्रद्धालु सुबह से ही भगवान पशुपतिनाथ का जलाभिषेक एवं विशेष पूजन कर सुख, समृद्धि और मंगलकामना कर रहे हैं। मंदिर में श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए मंदिर प्रबंध समिति एवं प्रशासन द्वारा दर्शन, सुरक्षा एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं।
सावन माह के दौरान भगवान पशुपतिनाथ मंदिर में प्रतिदिन विशेष पूजा-अर्चना, अभिषेक एवं आरती का आयोजन किया जाएगा। वहीं, सावन के पहले सोमवार को श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ने की संभावना को देखते हुए प्रशासन ने विशेष तैयारियां भी पूरी कर ली हैं।
श्रद्धालुओं का मानना है कि सावन माह में भगवान शिव की सच्चे मन से आराधना करने से मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं। यही कारण है कि हर वर्ष सावन मास में भगवान पशुपतिनाथ के दर्शन के लिए दूर-दूर से शिवभक्त मंदसौर पहुंचते हैं।