खरगोन। न्यू राधा वल्लभ मार्केट में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं को लेकर व्यापारियों ने पुलिस अधीक्षक (एसपी) से शिकायत की है। व्यापारियों का कहना है कि पिछले एक-दो महीनों में तीन बार चोरी की वारदात हो चुकी है, जिसमें हर बार चार से पांच दुकानों के ताले तोड़कर सामान चोरी किया गया।
इस संबंध में व्यापारियों ने बताया कि मार्केट के पास ही पुलिस चौकी स्थित है और समय-समय पर कोतवाली थाने में भी शिकायत दर्ज कराई गई है, लेकिन अब तक किसी भी मामले में ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। इससे चोरों के हौसले लगातार बढ़ते जा रहे हैं।
व्यापारियों के अनुसार, क्षेत्र में पुलिस गश्त होने के बावजूद चोर बेखौफ होकर वारदात को अंजाम दे रहे हैं। लगातार हो रही इन घटनाओं से व्यापारियों में भय का माहौल बना हुआ है और उन्हें अपनी दुकानों की सुरक्षा को लेकर चिंता सता रही है।
व्यापारियों ने एसपी से मांग की है कि मामले को गंभीरता से लेते हुए जल्द से जल्द कार्रवाई की जाए, ताकि चोरी की घटनाओं पर रोक लग सके और क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत हो सके।