नीमच। ग्रामीणों की समस्याओं के त्वरित समाधान और शासन की योजनाओं को सीधे जन-जन तक पहुंचाने की पहल के तहत मंगलवार को जिला प्रशासन का काफिला एक बार फिर गांव की ओर रवाना हुआ। कलेक्टर हिमांशु चंद्रा शाम 4.30 बजे जिला अधिकारियों के साथ बस में सवार होकर ग्राम टामोटी के लिए निकले।
इस दौरान जिला पंचायत सीईओ, अपर कलेक्टर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी भी मौजूद रहे। कलेक्ट्रेट परिसर से रवाना हुआ यह प्रशासनिक दल गांव में आयोजित रात्रि चौपाल के माध्यम से ग्रामीणों से सीधा संवाद करेगा।
ग्राम टामोटी में आयोजित रात्रि चौपाल में अधिकारी ग्रामीणों की समस्याएं मौके पर सुनेंगे और उनका यथासंभव तत्काल निराकरण सुनिश्चित करेंगे। साथ ही शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देकर पात्र हितग्राहियों को लाभान्वित किया जाएगा।
कलेक्टर हिमांशु चंद्रा के नेतृत्व में यह पहल प्रशासन को गांव की चौखट तक ले जाने का सशक्त प्रयास है, जिससे आमजन को त्वरित राहत मिलने के साथ ही शासन के प्रति विश्वास भी मजबूत होगा।
उल्लेखनीय है कि इससे पूर्व जावद विधानसभा क्षेत्र के ग्राम कोज्या में भी रात्रि चौपाल का आयोजन किया जा चुका है, जहां ग्रामीणों की समस्याओं का समाधान किया गया था।