नीमच। शहर की योजना क्रमांक 36-बी के भूखंड क्रमांक 727, 728 और 729 पर लीज शर्तों व निर्माण नियमों के विपरीत बहुमंजिला व्यावसायिक निर्माण किए जाने की शिकायत जनसुनवाई में कलेक्टर कार्यालय पहुंची है।
शिकायतकर्ता मोहम्मद भूरा कुरेशी ने कलेक्टर को आवेदन देकर आरोप लगाया कि एमओएस (मध्यप्रदेश ओपन स्पेस) नियमों का उल्लंघन करते हुए तीनों प्लॉटों को मिलाकर अवैध निर्माण किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि इस संबंध में पूर्व में सीएम हेल्पलाइन पर भी शिकायत दर्ज कराई गई थी, लेकिन नगरपालिका द्वारा अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई।
आरोप है कि बाहुबलियों के दबाव के कारण संबंधित अधिकारी कार्रवाई से बच रहे हैं। शिकायतकर्ता ने प्रशासन से मांग की है कि अवैध निर्माण को तत्काल हटाया जाए, संबंधित लीज निरस्त की जाए तथा दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। मामले को लेकर अब आमजन की नजरें प्रशासन की आगामी कार्रवाई पर टिकी हुई हैं।