देवास। शहर के भोपाल रोड स्थित देवास सीनियर क्षेत्र की बेशकीमती कृषि भूमि को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। मामले में एक पक्ष द्वारा जनसुनवाई में पहुंचकर प्रशासन के सामने गंभीर आरोप लगाए गए हैं।
शिकायतकर्ताओं ने आरोप लगाया है कि जमीन को लेकर प्रशासन को गलत जानकारी देकर एकतरफा कार्रवाई कराने की कोशिश की जा रही है। उनका कहना है कि इस भूमि से जुड़ा मामला पहले से न्यायालय में विचाराधीन रहा है और कथित रूप से फर्जी वसीयत के आधार पर नाम दर्ज कराने का प्रयास किया गया, जिसकी वैधता अदालत में साबित नहीं हो सकी। इसके बावजूद विकास अनुबंध और सीमांकन कराने की कोशिशें जारी हैं।
परिवार के सदस्यों का यह भी आरोप है कि उन्हें लगातार डराने-धमकाने और जमीन से बेदखल करने का दबाव बनाया जा रहा है। उनका कहना है कि यह जमीन पैतृक संपत्ति है और किसी एक व्यक्ति द्वारा अकेले कब्जा करने का प्रयास किया जा रहा है।
शिकायतकर्ताओं ने प्रशासन से निष्पक्ष जांच, सुरक्षा और सभी पक्षों को सुनकर कार्रवाई करने की मांग की है।
प्रशासन ने आवेदन प्राप्त कर मामले की जांच कराने की बात कही है। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।