देवास। राष्ट्रीय जनगणना-2027 के प्रथम चरण के तहत जिले में मकान सूचीकरण (हाउस लिस्टिंग) का कार्य जारी है। कलेक्टर ऋतुराज सिंह के निर्देशन में यह कार्य 30 मई 2026 तक संचालित किया जाएगा। इस बार जनगणना की प्रमुख विशेषता इसका पूर्णतः डिजिटल स्वरूप है, जिसमें प्रगणक कागजी फॉर्म के स्थान पर मोबाइल ऐप के माध्यम से घर-घर जाकर डेटा एकत्र कर रहे हैं।
कलेक्टर ऋतुराज सिंह ने नागरिकों से अपील की है कि वे प्रगणकों को सही और सटीक जानकारी प्रदान करें। उन्होंने कहा कि जनगणना के आंकड़े भविष्य की विकास योजनाओं और जनकल्याणकारी नीतियों की आधारशिला होते हैं, इसलिए इस राष्ट्रीय महत्व के कार्य में प्रत्येक नागरिक का सहयोग आवश्यक है। निर्धारित समयसीमा के भीतर सभी प्रगणक अपने क्षेत्रों में डिजिटल डेटा फीडिंग का कार्य पूर्ण करेंगे, जिससे पारदर्शिता और सटीकता सुनिश्चित होगी।
नागरिकों से क्या पूछा जाएगा-
मकान सूचीकरण के दौरान प्रगणक नागरिकों से सामान्य एवं आवश्यक जानकारी प्राप्त करेंगे, जिनमें भवन की स्थिति, परिवार के सदस्यों की संख्या, परिवार के मुखिया का नाम, नल कनेक्शन, बिजली, शौचालय/बाथरूम, गैस कनेक्शन जैसी मूलभूत सुविधाएं, घरेलू संपत्ति जैसे टीवी/रेडियो, केबल कनेक्शन, साइकिल/मोटरसाइकिल/कार, उपयोग में आने वाला मुख्य अन्न, इंटरनेट और मोबाइल आदि शामिल हैं।
क्या साझा न करें-
जनगणना के दौरान प्रगणक किसी भी प्रकार की संवेदनशील या निजी वित्तीय जानकारी नहीं मांगेंगे। नागरिक ध्यान रखें कि आधार नंबर, पैन नंबर, बैंक विवरण या किसी भी प्रकार का ओटीपी साझा करने की आवश्यकता नहीं है। प्रगणक के आने पर उनकी पहचान सुनिश्चित करने के लिए उनका आधिकारिक पहचान पत्र अवश्य देखें।