नीमच। जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत कलेक्टर हिमांशु चंद्रा एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत नीमच अमन वैष्णव के निर्देशन में जनपद स्तर पर ग्रामीण नलजल योजनाओं के संचालन एवं संधारण हेतु पम्प ऑपरेटरों का प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है।
इसी क्रम में सोमवार को विकासखंड नीमच के पम्प ऑपरेटरों का प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें नलजल योजनाओं के प्रभावी संचालन पर विस्तृत जानकारी दी गई।
उपस्थित अधिकारी व प्रशिक्षक-
प्रशिक्षण कार्यक्रम में मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जनपद पंचायत नीमच, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के सहायक यंत्री, उपयंत्री एवं हैंडपंप तकनीकी विशेषज्ञ उपस्थित रहे।
प्रशिक्षण के प्रमुख बिंदु-
प्रशिक्षण के दौरान विकासखंड नीमच की नलजल योजनाओं से जुड़े सरपंच, सचिव एवं पम्प ऑपरेटरों को विभिन्न विषयों पर मार्गदर्शन दिया गया- संचालन एवं संधारणरू नलजल योजनाओं के सुचारू संचालन एवं नियमित रख-रखाव के उपाय बताए गए।
तकनीकी सुधार- योजनाओं में आने वाली तकनीकी खराबियों को समय पर दुरुस्त कर गुणवत्तायुक्त पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।
जल कर वसूली- जल कर की नियमित वसूली की प्रक्रिया एवं उसकी महत्ता समझाई गई।
प्रशिक्षण सामग्री वितरण-
प्रतिभागियों को भारत सरकार के जल जीवन मिशन अंतर्गत योजनाओं के रख-रखाव की मार्गदर्शिका, मध्यप्रदेश राजपत्र (जलकर निर्धारण संबंधी), निर्धारित जल कर वसूली रसीद नमूने आदि वितरित किए गए।
अधिकारियों ने निर्देश दिए कि सभी पम्प ऑपरेटर प्रशिक्षण का लाभ उठाकर अपने-अपने ग्रामों में निर्बाध एवं गुणवत्तापूर्ण पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करें।