नीमच। जिले के ग्राम जयसिंहपुरा के नई आबादी क्षेत्र में स्वीकृत सामुदायिक भवन का निर्माण एक बार फिर विवादों में घिर गया है। अतिक्रमण हटाने के बाद शुरू हुआ निर्माण कार्य कुछ ही दिनों में रुकने से ग्रामीणों में आक्रोश व्याप्त है। ग्रामवासियों ने जिला कलेक्टर को आवेदन सौंपकर शासकीय कार्य में बाधा डालने वालों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।
ग्रामीणों के अनुसार भीलों की झोपड़ियों वाली बस्ती में सामाजिक जरूरतों को ध्यान में रखते हुए सामुदायिक भवन निर्माण स्वीकृत किया गया था। प्रशासन द्वारा 22 अप्रैल 2026 को शासकीय भूमि से अतिक्रमण हटाकर निर्माण कार्य की नींव खुदाई शुरू कराई गई थी।
आरोप है कि ग्राम केरी निवासी एक व्यक्ति द्वारा मौके पर पहुंचकर निर्माण कार्य रुकवाया गया और अतिक्रमणकारियों को उकसाकर खुदी हुई नींव में पुनः मिट्टी भरवा दी गई। इतना ही नहीं, अब उसी स्थान पर दोबारा पक्का निर्माण किए जाने की कोशिश भी की जा रही है, जिसे ग्रामीणों ने शासन के निर्देशों की अवहेलना बताया है।
ग्रामीणों का कहना है कि इससे न केवल शासकीय योजना प्रभावित हो रही है, बल्कि सरकारी धन के दुरुपयोग की स्थिति भी बन रही है। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि तत्काल सीमांकन कर निर्माण कार्य पुनः शुरू कराया जाए तथा शासकीय कार्य में बाधा डालने वाले दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।