मंदसौर। जबलपुर में हुए बरगी क्रूज डैम हादसे में लगभग 14 लोगों की मौत के विरोध में मंगलवार को मंदसौर जिला युवा कांग्रेस ने गांधी चौराहे पर विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान संस्कृति एवं पर्यटन विभाग के राज्य मंत्री धर्मेंद्र लोधी का पुतला दहन कर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की गई।
प्रदर्शन में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल हुए। स्थिति को नियंत्रित रखने के लिए नगर पालिका द्वारा मौके पर फायर ब्रिगेड तैनात की गई थी। फायर ब्रिगेड कर्मियों ने पुतले को बुझाने का प्रयास किया, लेकिन कार्यकर्ता पुतला दहन करने में सफल रहे।
पुतला दहन के दौरान पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच कुछ समय के लिए तनातनी की स्थिति भी बनी रही। कार्यकर्ताओं ने मंत्री की तस्वीर पर विरोध जताते हुए आक्रोश व्यक्त किया।
दोषियों पर कार्रवाई की मांग-
जिला युवा कांग्रेस अध्यक्ष दुर्गेश सिंह पटेल के नेतृत्व में हुए प्रदर्शन में कार्यकर्ताओं ने बरगी क्रूज हादसे को लेकर सरकार पर लापरवाही के आरोप लगाए। उन्होंने मृतकों के परिजनों को एक-एक करोड़ रुपए मुआवजा देने और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
कांग्रेस नेताओं की मौजूदगी-
प्रदर्शन में जिला युवा कांग्रेस अध्यक्ष दुर्गेश सिंह पटेल, जिला कांग्रेस अध्यक्ष महेंद्र सिंह गुर्जर, ब्लॉक अध्यक्ष जगदीश फौजी, विजेश मालेचा, वाहिद जैदी, जिला महासचिव नेहा कनकमल जैन, बल्लू गुर्जर, राकेश पाटीदार, सम्यक जैन, महावीर भाटी, राहुल यादव, मुकेश धनगर, आदर्श जोशी, कुमकुम सिसोदिया सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
कार्यकर्ताओं ने मृतकों को न्याय दिलाने और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की।