नीमच। जिले के जावद थाना क्षेत्र की सरवानिया चौकी अंतर्गत ग्राम मोरवन चादर में 19 वर्षीय नवविवाहिता नैना बागरी ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना से क्षेत्र में सनसनी फैल गई है।
जानकारी के अनुसार नैना की शादी महज 10 दिन पहले अठाना तुम्बा निवासी शांतिलाल बागरी से हुई थी। 1 मई को वह अपने मायके आई थी। बीती रात वह अपने कमरे में सोई हुई थी, जबकि परिजन दूसरे कमरे में थे। सुबह परिजनों ने उसे घर में ही फंदे पर लटका हुआ पाया।
पति शांतिलाल के अनुसार, घटना से एक दिन पहले दोनों के बीच फोन पर बातचीत हुई थी और नैना ससुराल ले जाने की बात कर रही थी। ऐसे में आत्महत्या के कारण फिलहाल स्पष्ट नहीं हो पाए हैं।
बताया जा रहा है कि नैना के पिता का पहले ही निधन हो चुका है और उसका पालन-पोषण उसके काका बाबूलाल बागरी ने किया था।
पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। शव का पोस्टमार्टम जिला चिकित्सालय, नीमच में कराया जा रहा है। मौत के कारणों का खुलासा जांच के बाद ही हो सकेगा।