मंदसौर। अवैध मादक पदार्थों की तस्करी में संलिप्त फरार आरोपियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत मल्हारगढ़ पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के प्रकरण में दो फरार आरोपियों को गिरफ्तार करने में महत्वपूर्ण सफलता प्राप्त की है।
पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार मीना के निर्देशानुसार अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक तेर सिंह बघेल एवं अनुविभागीय अधिकारी पुलिस (एसडीओपी) मल्हारगढ़ पिंटू बघेल के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी निरीक्षक अनिल रघुवंशी के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई।
पुलिस के अनुसार 16 जुलाई 2026 को मुखबिर से प्राप्त सूचना के आधार पर पिपलिया विशन्या एवं ग्राम पहेड़ा के बीच बिना नंबर की सफेद रंग की आल्टो कार को रोककर तलाशी ली गई। इस दौरान आरोपी अरुण पिता समरथ चौहान (22) निवासी ग्राम लसुड़िया कदमाला, थाना मल्हारगढ़ को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से पांच कट्टों में भरा कुल 69.5 किलोग्राम अवैध मादक पदार्थ डोडाचूरा बरामद किया गया। मामले में थाना मल्हारगढ़ में अपराध क्रमांक 134/2026 के तहत धारा 8/15 एनडीपीएस एक्ट में प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
विवेचना के दौरान गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ के आधार पर उसे अवैध मादक पदार्थ उपलब्ध कराने वाले भारत पिता कारूलाल चौहान (42) निवासी ग्राम लसुड़िया कदमाला, थाना मल्हारगढ़ तथा मादक पदार्थ खरीदने वाले नरेश पिता बाबू बारिया (33) निवासी मेहंदीखेड़ा, थाना कल्याणपुरा, जिला झाबुआ को गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तार आरोपी-
- भारत पिता कारूलाल चौहान (42), निवासी ग्राम लसुड़िया कदमाला, थाना मल्हारगढ़, जिला मंदसौर।
- नरेश पिता बाबू बारिया (33), निवासी मेहंदीखेड़ा, थाना कल्याणपुरा, जिला झाबुआ।
पुलिस ने बताया कि मामले में आगे की विवेचना जारी है तथा अवैध मादक पदार्थ तस्करी से जुड़े अन्य आरोपियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। उक्त कार्रवाई में थाना प्रभारी मल्हारगढ़ निरीक्षक अनिल रघुवंशी एवं पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका रही।