चित्तौड़गढ़। गंगरार थाना पुलिस ने दोहरे हत्याकांड एवं डकैती के एक गंभीर प्रकरण में पिछले करीब आठ वर्षों से फरार चल रहे वांछित आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की है। आरोपी वर्ष 2017 में भीलवाड़ा जिले के आसींद थाने में दर्ज दोहरे हत्याकांड एवं डकैती के मामले में लंबे समय से फरार था तथा पिछले पांच वर्षों से मफरूर घोषित था।
जिला पुलिस अधीक्षक धर्मेन्द्र सिंह ने बताया कि चोरी, नकबजनी एवं अन्य आपराधिक वारदातों की रोकथाम तथा वांछित अपराधियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गजेन्द्र सिंह के निर्देशन एवं पुलिस उपाधीक्षक (गंगरार) उदयसिंह चूंडावत के पर्यवेक्षण में कार्रवाई की गई।
थानाधिकारी तुलसीराम के नेतृत्व में रविवार को एएसआई शिवलाल शर्मा, आरक्षक रामहंस एवं पुलिस जाप्ते की विशेष टीम का गठन कर बदमाशों की तलाश शुरू की गई। टीम ने अथक प्रयास करते हुए दोहरे हत्याकांड में वांछित आरोपी अगनिया कंजर पिता भैरूलाल उर्फ भोरिया कंजर निवासी उण्डवा, थाना गंगरार, जिला चित्तौड़गढ़ को डिटेन कर लिया।
पुलिस के अनुसार आरोपी भीलवाड़ा जिले के आसींद थाना क्षेत्र में वर्ष 2017 में दर्ज दोहरे हत्याकांड एवं डकैती के मामले में वांछित था। लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी की गिरफ्तारी पुलिस के लिए एक महत्वपूर्ण सफलता मानी जा रही है। आरोपी के विरुद्ध नियमानुसार अग्रिम कानूनी कार्रवाई की जा रही है।