नीमच। प्रदेशव्यापी नशा विरोधी अभियान के तहत नीमच जिले की पुलिस चौकी जाट (थाना रतनगढ़) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 5 क्विंटल 28 किलो 180 ग्राम अवैध डोडाचूरा, एक महिंद्रा पिकअप वाहन एवं एक मारुति सुजुकी अल्टो कार जब्त कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। जब्त मादक पदार्थ की अनुमानित कीमत 79.22 लाख रुपये आंकी गई है।
पुलिस मुख्यालय भोपाल के निर्देशानुसार चलाए जा रहे अभियान के तहत उप पुलिस महानिरीक्षक रतलाम रेंज निमिष अग्रवाल, पुलिस अधीक्षक नीमच राजेश व्यास, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमलता अग्रवाल एवं एसडीओपी जावद हर्ष राठौर के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई की गई।
पुलिस को 22 जुलाई 2026 को मुखबिर से सूचना मिलने पर गोल डूंगरी चौराहा, जाट पर नाकाबंदी की गई। इस दौरान आरोपी अर्जुन पिता देवा बंजारा (25 वर्ष), निवासी सारण, थाना गंगरार, जिला चित्तौड़गढ़ (राजस्थान) के कब्जे से 26 काले प्लास्टिक के कट्टों में भरा 5 क्विंटल 28 किलो 180 ग्राम डोडाचूरा बरामद किया गया। आरोपी अवैध मादक पदार्थ को महिंद्रा पिकअप वाहन क्रमांक आरजे-06 जीडी-2672 से परिवहन कर रहा था।
पुलिस ने तस्करी में पायलटिंग के लिए उपयोग की जा रही मारुति सुजुकी अल्टो कार क्रमांक आरजे-06 सीडी-6492 भी जब्त की है। इसके अलावा एक एंड्रॉयड मोबाइल फोन भी बरामद किया गया है। कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद एनडीपीएस एक्ट, 1985 के तहत प्रकरण दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।
मामले में जगदीश, रवि, महेंद्र, प्रकाश एवं अरुण बंजारा निवासी सारण, जिला चित्तौड़गढ़ (राजस्थान) फरार हैं, जिनकी पुलिस तलाश कर रही है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी रतनगढ़ निरीक्षक भूरालाल भाबर, चौकी प्रभारी जाट उप निरीक्षक नरेन्द्र सिंह राठौर एवं उनकी टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।