नीमच। जिले के समीपस्थ ग्राम कनावटी में सोमवार को 32 वर्षीय विवाहिता रेखा पति सुरेश गाडोलिया लोहार की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। विवाहिता घर में फंदे से लटकी मिली, जिसे परिजन तत्काल जिला चिकित्सालय लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
मृतका के पति सुरेश गाडोलिया ने बताया कि वह किसी कार्य से नीमच आया हुआ था। इसी दौरान उसकी बेटी का फोन आया कि रेखा ने घर का दरवाजा अंदर से बंद कर लिया है। सूचना मिलते ही वह घर पहुंचा और दरवाजा तोड़कर अंदर देखा तो रेखा फंदे से लटकी हुई थी। इसके बाद उसे तत्काल जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना के बाद मृतका के मायके पक्ष के लोग कैंट थाने पहुंचे और मामले की निष्पक्ष एवं गहन जांच की मांग की। मृतका के भाई भैरूलाल ने आरोप लगाया कि रेखा आत्महत्या जैसा कदम नहीं उठा सकती। उनका कहना है कि पति-पत्नी के बीच पूर्व में भी विवाद होते रहे हैं, इसलिए मामले की हर पहलू से जांच की जानी चाहिए। उन्होंने मृतका का अंतिम संस्कार उसके पैतृक गांव सतखंडा, जिला चित्तौड़गढ़ (राजस्थान) में किए जाने की मांग भी की है।
वहीं, मृतका के ससुराल पक्ष के लोग जिला चिकित्सालय में मौजूद रहे। मामले को लेकर दोनों पक्षों के अलग-अलग दावे सामने आ रहे हैं। पुलिस का कहना है कि मृत्यु के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट एवं जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगा।
फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले को जांच में ले लिया है तथा सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर विवेचना की जा रही है।