नीमच। प्रदेशव्यापी नशा विरोधी अभियान के तहत नीमच पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। थाना जीरन पुलिस ने नाकाबंदी के दौरान एक भारत बेंज ट्रक से 1 क्विंटल 75 किलोग्राम अवैध पीसा हुआ डोडाचूरा जब्त कर पंजाब निवासी एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। जब्त मादक पदार्थ एवं ट्रक की कुल कीमत 16 लाख 25 हजार रुपये आंकी गई है।
पुलिस अधीक्षक राजेश व्यास के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमलता अग्रवाल एवं नगर पुलिस अधीक्षक किरण चौहान के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी जीरन निरीक्षक उमेश यादव के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई।
पुलिस के अनुसार, 20 जुलाई 2026 को हर्कियाखाल पुलिस सहायता केंद्र के समीप महू-नीमच रोड पर नाकाबंदी एवं वाहन चेकिंग के दौरान भारत बेंज कंपनी के ट्रक क्रमांक पीबी 10 एचएफ 8285 को रोकने का प्रयास किया गया। पुलिस को देखकर चालक ने ट्रक को तेज गति से भगाने का प्रयास किया, लेकिन स्टॉपर लगाकर वाहन को रोक लिया गया।
पूछताछ में चालक ने अपना नाम हरमीत सिंह पिता महिंदर सिंह (35 वर्ष), निवासी बुलेपुर, थाना खन्ना, जिला लुधियाना (पंजाब) बताया। ट्रक की तलाशी लेने पर उसके केबिन में रखे पांच काले रंग के प्लास्टिक के कट्टों से कुल 1 क्विंटल 75 किलोग्राम पीसा हुआ डोडाचूरा बरामद हुआ। वहीं ट्रक के पीछे काबुली चने भरे हुए थे।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से बरामद डोडाचूरा एवं ट्रक को जब्त कर एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया है। मामले में अवैध मादक पदार्थ के स्रोत एवं संभावित नेटवर्क को लेकर अनुसंधान जारी है।
जब्त सामग्री-
- 1 क्विंटल 75 किलोग्राम पीसा हुआ डोडाचूरा (कीमत लगभग 5 लाख 25 हजार रुपये)
- भारत बेंज ट्रक क्रमांक पीबी 10 एचएफ 8285 (कीमत लगभग 11 लाख रुपये)
कुल जब्ती मूल्य - 16 लाख 25 हजार रुपये।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक उमेश यादव सहित हर्कियाखाल पुलिस सहायता केंद्र की टीम की सराहनीय भूमिका रही। नीमच पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।