नीमच। थाना मनासा क्षेत्र के कुख्यात ड्रग माफिया विनोद पिता जगदीश धाकड़ (28) निवासी ग्राम कंजार्डा के विरुद्ध नीमच पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए उसे श्स्वापक औषधि और मनरूप्रभावी पदार्थ अवैध व्यापार निवारण अधिनियम, 1988‘ (पीआईटी-एनडीपीएस एक्ट) के तहत निरुद्ध कर केंद्रीय जेल इंदौर भेज दिया है।
यह कार्रवाई उज्जैन संभाग आयुक्त एवं जिला दण्डाधिकारी, नीमच के आदेश पर पुलिस अधीक्षक राजेश व्यास के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमलता अग्रवाल एवं एसडीओपी मनासा शाबेरा अंसारी के मार्गदर्शन में थाना मनासा पुलिस द्वारा की गई।
पुलिस के अनुसार आरोपी विनोद धाकड़ पिछले लगभग 10 वर्षों से अवैध मादक पदार्थों के संग्रहण, परिवहन एवं तस्करी के संगठित नेटवर्क का संचालन कर रहा था। उसका नेटवर्क नीमच जिले के साथ राजस्थान के चित्तौड़गढ़ एवं अन्य सीमावर्ती क्षेत्रों तक फैला हुआ था। आरोपी ने मादक पदार्थों की तस्करी के लिए एजेंटों एवं बिचौलियों का एक संगठित गिरोह भी बना रखा था।
आरोपी के विरुद्ध वर्ष 2017 से अब तक एनडीपीएस एक्ट के तीन गंभीर प्रकरण दर्ज हैं। उसकी आपराधिक गतिविधियों के कारण क्षेत्र में आमजन के बीच भय का माहौल था।
थाना मनासा पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध दर्ज मामलों के आधार पर एक सुदृढ़ डोजियर तैयार कर जिला दण्डाधिकारी, नीमच को प्रस्तुत किया था, जिस पर त्वरित संज्ञान लेते हुए उसे पीआईटी-एनडीपीएस एक्ट के तहत निरुद्ध करने के आदेश जारी किए गए। आदेश के पालन में आरोपी को केंद्रीय जेल इंदौर भेज दिया गया है।
नीमच पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अवैध नशे के कारोबार में लिप्त अपराधियों के विरुद्ध कठोर एवं प्रभावी कार्रवाई आगे भी निरंतर जारी रहेगी।