नीमच। नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे “नशे से दूरी है जरूरी 2.0” अभियान के तहत नीमच पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मादक पदार्थ तस्करी में लिप्त दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस थाना बघाना की टीम ने आरोपियों के कब्जे से 54.6 ग्राम एमडी ड्रग्स, 5 किलोग्राम डोडाचूरा, एक देशी पिस्टल, जिंदा कारतूस तथा एक मोटरसाइकिल जब्त की है।
पुलिस अधीक्षक नीमच राजेश व्यास के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमलता अग्रवाल तथा नगर पुलिस अधीक्षक किरण चौहान के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक राधेश्याम दांगी एवं टीम द्वारा यह कार्रवाई की गई।
पुलिस के अनुसार 21 जुलाई 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि दो व्यक्ति हीरो कंपनी की मोटरसाइकिल से ग्राम धनेरियाकला होते हुए अवैध मादक पदार्थ लेकर जाने वाले हैं। सूचना के आधार पर थाना बघाना पुलिस ने ग्राम धनेरियाकला-अरनिया फंटा क्षेत्र में नाकाबंदी की।
नाकाबंदी के दौरान मुखबिर के बताए हुलिए के अनुसार एक मोटरसाइकिल पर सवार दो व्यक्तियों को रोका गया। पूछताछ में आरोपियों ने अपना नाम फिरोज पिता शब्बीर (उम्र 35 वर्ष), निवासी नाका नंबर-4 बघाना एवं अमन पिता अब्दुल सत्तार उर्फ सादिक (उम्र 20 वर्ष), निवासी जाकिर गली बघाना बताया।
तलाशी लेने पर आरोपियों के कब्जे से 54.6 ग्राम एमडी ड्रग्स, 5 किलोग्राम डोडाचूरा, एक देशी पिस्टल, एक जिंदा कारतूस एवं हीरो सीडी डीलक्स मोटरसाइकिल क्रमांक MP-44-MR-2346 बरामद कर जब्त की गई।
पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध थाना बघाना में अपराध क्रमांक 235/2026 के तहत धारा 8/22, 8/15 एवं 29 एनडीपीएस एक्ट तथा धारा 25/27 आर्म्स एक्ट में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
अन्य आरोपियों की तलाश जारी-
पुलिस ने बताया कि मामले में अन्य संदिग्ध आरोपियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। प्रकरण में हमीद उर्फ चन्नू पठान, इल्लू उर्फ इमरान पठान, कासम कुरैशी, रिहान पठान, सोहेल निवासी प्रतापगढ़, बाबू उर्फ समीर तथा सलाम उर्फ गागू सहित अन्य के संबंध में भी जांच जारी है।
पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका-
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक राधेश्याम दांगी सहित थाना बघाना पुलिस टीम का महत्वपूर्ण योगदान रहा। पुलिस द्वारा नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रखने की बात कही गई है।