मंदसौर। थाना शहर कोतवाली पुलिस ने अवैध मादक पदार्थ एमडी (मेफेड्रोन) तस्करी के चर्चित प्रकरण में एक और आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने परमानंद उर्फ बाबू सिंधी (53) निवासी कोलगर गली, जनकूपुरा, मंदसौर को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। इस मामले में अब तक कुल सात आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के मार्गदर्शन में थाना कोतवाली पुलिस द्वारा 7 मई 2026 को अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए आरोपी इमरान पिता मीरगुल उर्फ बंटी पठान (25) निवासी ग्राम दावतखेड़ी, मंदसौर को गिरफ्तार किया गया था। उसके कब्जे से 500 ग्राम एमडी ड्रग्स एवं 500 ग्राम अफीम बरामद की गई थी। इस संबंध में थाना शहर कोतवाली में धारा 8/18, 22 एवं 29 एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।
प्रकरण के मुख्य आरोपी इमरान पठान को पुलिस रिमांड पर लेकर पूछताछ की गई, जिसमें उसने तस्करी से जुड़े अन्य आरोपियों के नामों का खुलासा किया। जांच के दौरान पुलिस ने पूर्व में महावीर चौहान, सादिक गढ़वी मुल्तानी, सलमान शाह, शाकिर उर्फ चेला तथा असलम हुसैन सहित पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया था, जिन्हें जेल भेज दिया गया।
इसी क्रम में आगे की कार्रवाई करते हुए पुलिस ने परमानंद उर्फ बाबू सिंधी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, इस प्रकरण में अन्य कई आरोपियों की संलिप्तता सामने आई है, जिनकी गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक पुष्पेंद्र सिंह राठौर एवं थाना शहर कोतवाली मंदसौर की पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका रही। मामले में पुलिस द्वारा विस्तृत अनुसंधान जारी है।