नीमच। जिला कांग्रेस कमेटी द्वारा गुरुवार को नई कृषि उपज मंडी में किसानों की समस्याओं को लेकर किसान जनसंवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जिला कांग्रेस अध्यक्ष तरुण बाहेती सहित वरिष्ठ नेताओं ने किसानों से सीधा संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं।
संवाद के दौरान किसानों ने गेहूं खरीदी में अव्यवस्थाएं, स्लॉट बुकिंग की परेशानी, भुगतान में देरी और मंडी में मूलभूत सुविधाओं की कमी को लेकर नाराजगी जताई। किसानों ने बताया कि सरकारी खरीदी केंद्रों पर स्लॉट नहीं मिलने से उन्हें मंडी में कई दिनों तक ट्रालियां खड़ी रखनी पड़ती हैं, जिससे अतिरिक्त खर्च बढ़ रहा है।
किसानों ने सहकारी समितियों में भुगतान में देरी और भावांतर राशि अटकने की समस्या भी उठाई। व्यापारियों ने नकद निकासी सीमा के कारण आरटीजीएस भुगतान को मजबूरी बताया।
निरीक्षण के दौरान कांग्रेस नेताओं ने मंडी में पेयजल, शौचालय और भोजन व्यवस्था की कमी पर भी सवाल उठाए। तरुण बाहेती ने मंडी सचिव से फोन पर चर्चा कर किसानों की संख्या के अनुसार अतिरिक्त सुलभ कॉम्प्लेक्स और कैंटीन व्यवस्था करने की मांग की। अन्नपूर्णा भोजनालय में गंदगी मिलने पर भी नाराजगी जताई गई।
किसानों ने मंडी में अवैध वसूली और ट्रालियां खड़ी कर जगह घेरने की शिकायत भी की। कांग्रेस नेताओं ने प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की मांग की।
कार्यक्रम में पूर्व जिला अध्यक्ष अनिल चौरसिया, मोहन सिंह जाट, नरेंद्र सिंह राणावत, बलवंत पाटीदार सहित बड़ी संख्या में किसान एवं कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।