मंदसौर। थाना कोतवाली पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एमडी प्रकरण में दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में कुख्यात आरोपी महावीर राजपूत और सादिक गढ़वी शामिल हैं, जिनके खिलाफ पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज हैं।
पुलिस के अनुसार 7 मई 2026 को आरोपी इमरान पिता मीरगुल उर्फ बंटी पठान निवासी दावतखेड़ी, मंदसौर के कब्जे से 500 ग्राम एमडी एवं 500 ग्राम अफीम बरामद की गई थी। मामले में एनडीपीएस एक्ट की धाराओं 8/18, 22 एवं 29 के तहत प्रकरण दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस रिमांड के दौरान आरोपी इमरान से पूछताछ में अन्य आरोपियों के नाम सामने आए। इसके आधार पर पुलिस ने महावीर पिता रामसिंह चौहान निवासी शनि विहार कॉलोनी एवं सादिक पिता शाकिर गढ़वी मुल्तानी निवासी नरसिंहपुरा, मंदसौर को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार आरोपी महावीर पर एनडीपीएस प्रकरण सहित जुआ, सट्टा, जहरीली शराब बिक्री, मारपीट एवं बलात्कार जैसे कुल 8 मामले दर्ज हैं। वहीं आरोपी सादिक पर मारपीट, सट्टा एवं जहरीली शराब बिक्री सहित 4 प्रकरण दर्ज बताए गए हैं।
पूरे मामले में थाना प्रभारी निरीक्षक पुष्पेंद्र सिंह राठौर एवं कोतवाली पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका रही।