मंदसौर। थाना कोतवाली पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एमडी ड्रग्स प्रकरण में एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी सलमान शाह पर पूर्व से भी कई गंभीर अपराध दर्ज बताए गए हैं।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, 7 मई 2026 को थाना कोतवाली पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए आरोपी इमरान उर्फ बंटी पठान निवासी ग्राम दावतखेड़ी, मंदसौर को गिरफ्तार किया था। आरोपी के कब्जे से 500 ग्राम एमडी ड्रग्स एवं 500 ग्राम अफीम जब्त की गई थी। मामले में थाना शहर कोतवाली पर एनडीपीएस एक्ट की धाराओं 8/18, 22 एवं 29 के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच में लिया गया।
प्रारंभिक पूछताछ के बाद पुलिस ने आरोपी इमरान पठान का सात दिन का पुलिस रिमांड प्राप्त किया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने मामले से जुड़े अन्य आरोपियों के संबंध में जानकारी दी।
जानकारी के आधार पर पुलिस ने दो अन्य आरोपियों महावीर चौहान निवासी शनि विहार कॉलोनी एवं सादिक गढ़वी मुल्तानी निवासी नरसिंहपुरा, मंदसौर को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से दोनों आरोपियों को जेल भेज दिया गया।
इसी क्रम में पुलिस ने मामले में फरार चल रहे आरोपी सलमान शाह निवासी श्रृंगार गली, मंदसौर को भी गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को न्यायालय में पेश कर जेल भेजने की कार्रवाई की गई।
पुलिस के अनुसार आरोपी सलमान शाह के विरुद्ध पूर्व में भी मादक पदार्थ तस्करी, आर्म्स एक्ट तथा नाबालिग पीड़िता से दुष्कर्म जैसे गंभीर अपराध दर्ज हैं। मामले में आगे की जांच जारी है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी पुष्पेन्द्र सिंह राठौर एवं थाना शहर कोतवाली मंदसौर पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका रही।