चित्तौड़गढ़। राजस्थान पुलिस के “ऑपरेशन त्रिनेत्र” के तहत सदर निम्बाहेड़ा थाना पुलिस ने अवैध मादक पदार्थ तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 5 क्विंटल से अधिक डोडाचूरा जब्त किया है। पुलिस ने पशु आहार की आड़ में कंटेनर से मादक पदार्थ परिवहन कर रहे पंजाब के दो तस्करों को गिरफ्तार कर कंटेनर जब्त किया है।
जिला पुलिस अधीक्षक मनीष त्रिपाठी ने बताया कि पुलिस महानिरीक्षक उदयपुर रेंज गौरव श्रीवास्तव द्वारा चलाए जा रहे अभियान के तहत एएसपी सरिता सिंह के मार्गदर्शन में सदर निम्बाहेड़ा थाना प्रभारी संजय शर्मा की टीम हाईवे स्थित वंडर पुलिया के पास नाकाबंदी कर रही थी।
इसी दौरान नीमच की ओर से आ रहे महाराष्ट्र पासिंग कंटेनर को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन चालक ने वाहन भगाने की कोशिश की। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर कंटेनर को रोक लिया। तलाशी के दौरान पशु आहार के कट्टों के नीचे छिपाकर रखे गए 25 कट्टों में कुल 502 किलो 500 ग्राम अवैध डोडाचूरा बरामद हुआ।
पुलिस ने कंटेनर सहित डोडाचूरा जब्त कर आरोपी परमजीत सिंह एवं गुरप्रीत सिंह उर्फ काली को गिरफ्तार कर लिया। प्रारंभिक पूछताछ में दोनों आरोपियों के पूर्व में भी मध्यप्रदेश से पंजाब तक मादक पदार्थ तस्करी में शामिल होने की जानकारी सामने आई है।
मामले में एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश की जा रही है। कार्रवाई में उपनिरीक्षक सुरेश पालिवाल सहित पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।