गरोठ। सोशल मीडिया पर हथियार लहराकर वीडियो बनाकर वायरल करने के मामले में गरोठ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन युवकों को गिरफ्तार किया है।
गरोठ थाना प्रभारी बलबीर सिंह यादव ने बताया कि खड़ावदा क्षेत्र में इंस्टाग्राम पर शराब दुकान के सामने हथियार लहराते हुए वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी कमल सिंह पिता गोपाल सिंह, बालमुकुंद पिता मानसिंह और विनोद पिता बलराम मीणा को गिरफ्तार कर लिया है। इनके विरुद्ध प्रकरण दर्ज कर जांच प्रारंभ कर दी गई है।
पुलिस के अनुसार आरोपियों के कब्जे से एक देसी कट्टा और दो जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं, हालांकि वीडियो में दिखाई दे रहा एक अन्य हथियार अभी तक बरामद नहीं हुआ है। पुलिस आरोपियों से गहन पूछताछ कर रही है।
थाना प्रभारी ने बताया कि सोशल मीडिया पर इस प्रकार के हथियार प्रदर्शन और रील बनाकर दहशत फैलाने जैसी गतिविधियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
सूत्रों के अनुसार कुछ युवक एयर गन जैसे हथियारों का उपयोग कर वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर रहे थे, जिससे क्षेत्र में भय का माहौल उत्पन्न हो रहा था। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि इस तरह की हरकतों पर आगे भी कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।