नीमच। जावद थाना क्षेत्र में हुए सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल बाइक सवार युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना मेंढकी और बावल के बीच शनिवार देर रात की बताई जा रही है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान मेंढकी निवासी 34 वर्षीय कमलेश पुत्र शंभूलाल भील के रूप में हुई है। कमलेश शनिवार रात अपनी बाइक से जा रहा था, तभी मेंढकी और बावल के बीच किसी अज्ञात वाहन ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे के बाद वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क किनारे गिर पड़ा।

राहगीरों की सूचना पर एंबुलेंस मौके पर पहुंची और घायल को तत्काल जावद शासकीय अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने रात में उसे नीमच जिला अस्पताल रेफर कर दिया।

जिला अस्पताल में इलाज के दौरान भी कमलेश की हालत में सुधार नहीं हुआ और रविवार तड़के उसकी मौत हो गई। जिला अस्पताल पुलिस चौकी ने शव का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम कराया तथा शव परिजनों को सौंप दिया। पुलिस अज्ञात वाहन की तलाश कर रही है और मामले की जांच जारी है।
