नीमच। भीषण गर्मी के बीच जहां इंसान ही नहीं बल्कि बेजुबान पशु-पक्षी भी पानी के लिए परेशान हैं, वहीं गौ सेवा समिति नीमच की गऊ सेवा दल टीम एक बार फिर सेवा और संवेदनशीलता की मिसाल बनकर सामने आई है। समिति ने पिछले वर्ष की तरह इस वर्ष भी “पेयजल जल वाहन अभियान” शुरू कर शहर में गौवंश एवं अन्य जीवों के लिए पेयजल व्यवस्था का कार्य प्रारंभ किया है।
करीब दो हजार लीटर क्षमता की टंकी से सुसज्जित वाहन शहर के विभिन्न क्षेत्रों में पहुंचकर 25 से अधिक छोटी-बड़ी पानी की टंकियों में स्वच्छ पानी भर रहा है। अभियान के दौरान कई स्थानों पर टंकियां गंदगी और कचरे से भरी मिलीं, जिन्हें गौ सेवकों ने स्वयं साफ कर उनमें पानी भरा, ताकि बेजुबान जीवों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध हो सके।
गऊ सेवा दल के सदस्यों ने बताया कि पिछले वर्ष यह अभियान लगातार 84 दिनों तक चलाया गया था और इस वर्ष भी पूरी गर्मी के दौरान प्रतिदिन जल सेवा जारी रहेगी। जनसहयोग से संचालित यह टीम पिछले छह वर्षों से बीमार, घायल, लाचार एवं विकलांग गौवंश की सेवा में निरंतर कार्य कर रही है।
सेवा कार्य के दौरान गौ सेवक मितेश अहीर, पार्थ जोशी, खुश सैनी सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे। गऊ सेवा दल की यह पहल न केवल जीवों के प्रति संवेदनशीलता का संदेश दे रही है, बल्कि समाज को सेवा, करुणा और पर्यावरण संरक्षण के लिए भी प्रेरित कर रही है।