मंदसौर। शिवना शुद्धिकरण अभियान के 111वें दिन रविवार को ग्रामीणजनों, महिलाओं, युवाओं, पत्रकारों और समाजजनों ने उत्साहपूर्वक श्रमदान कर शिवना नदी को स्वच्छ बनाने का संकल्प दोहराया। बड़ी संख्या में लोगों की भागीदारी ने अभियान को नई ऊर्जा प्रदान की।
अभियान के दौरान नदी से गाद, प्लास्टिक एवं अन्य अपशिष्ट निकालकर करीब 4 ट्राली कचरा बाहर किया गया। साथ ही नदी किनारों पर फैली गाजर घास और गंदगी की भी सफाई की गई। श्रमदानियों की मेहनत से शिवना नदी का स्वरूप लगातार निखरता दिखाई दे रहा है।
इस अवसर पर विधायक विपिन जैन ने कहा कि शिवना नदी को स्वच्छ रखना हम सभी की जिम्मेदारी है। लगातार जनसहभागिता और श्रमदान से निश्चित रूप से अभियान अपने लक्ष्य तक पहुंचेगा। उन्होंने मंदसौरवासियों से प्रतिदिन सुबह 7 से 9 बजे तक अभियान में शामिल होकर श्रमदान करने की अपील की।
रविवार को हुए श्रमदान में मालवा मीडिया महासंघ, जांगड़ा पोरवाल समाज न्यास, विभिन्न सामाजिक संगठनों, ग्रामीणजनों, महिलाओं एवं कांग्रेस कार्यकर्ताओं सहित बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया। अभियान में निम्बोद गांव से आए ग्रामीणों ने भी सक्रिय सहभागिता निभाई।
श्रमदान के दौरान समाजसेवी, जनप्रतिनिधि, महिला नेत्रियां, पत्रकार एवं युवाओं ने मिलकर नदी की सफाई कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।