मंदसौर। मल्हारगढ़ क्षेत्र में विद्युत वितरण कंपनी की विजिलेंस टीम की कार्रवाई को लेकर किसानों और कांग्रेस नेताओं में आक्रोश देखने को मिला। रविवार को कांग्रेस नेताओं का प्रतिनिधिमंडल गांव जलोदिया पहुंचा और पीड़ित किसानों से मुलाकात कर उन्हें न्याय दिलाने का भरोसा दिया।
किसान रामप्रसाद ने आरोप लगाया कि विजिलेंस टीम ने बंद पड़े जले हुए पंप को चालू बताकर फर्जी पंचनामा बनाया और 13 हजार 848 रुपए का बिल थमा दिया। वहीं किसान नंदराम ने बताया कि उनके नाम जमीन नहीं होने के बावजूद उनके खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया गया। किसानों ने आरोप लगाया कि पुलिस ने रात में उन्हें थाने ले जाकर प्रताड़ित किया।
मल्हारगढ़ ब्लॉक कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष अनिल शर्मा और ब्लॉक अध्यक्ष विजेश मालेचा ने विजिलेंस टीम पर किसानों को परेशान करने और फर्जी प्रकरण बनाने के आरोप लगाए। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि किसानों के साथ अन्याय बर्दाश्त नहीं किया जाएगा तथा दोषियों पर कार्रवाई नहीं होने पर आंदोलन किया जाएगा।