चित्तौड़गढ़। ऑपरेशन त्रिनेत्र के तहत बेगूं थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 40 किलो 370 ग्राम अवैध अफीम डोडाचूरा के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त हुंडई आई- 20 कार भी जब्त की है।
जिला पुलिस अधीक्षक मनीष त्रिपाठी ने बताया कि महानिरीक्षक पुलिस उदयपुर रेंज के निर्देशानुसार मादक पदार्थों के भंडारण एवं तस्करी के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में एएसपी रावतभाटा भगवत सिंह हिंगड़ के निर्देशन एवं डीएसपी बेगूं अंजलि सिंह के सुपरविजन में थाना प्रभारी कमलचंद मीणा के नेतृत्व में टीम गठित की गई।
रविवार को पुलिस टीम ने एनएच-27 पर गौरला गांव मार्ग के पास नाकाबंदी की। इस दौरान एक हुंडई आई-20 कार को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन चालक नाकाबंदी तोड़कर भागने लगा। पुलिस ने स्टॉप स्टिक लगाकर कार के टायर पंचर किए और घेराबंदी कर वाहन को रोका।
पकड़े गए आरोपी ने अपना नाम दिलखुश पिता बिरदाराम मेघवाल (23) निवासी चौड़ा, थाना कापरड़ा, जिला जोधपुर ग्रामीण बताया। तलाशी के दौरान कार से 40 किलो 370 ग्राम अवैध अफीम डोडाचूरा बरामद हुआ। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जिला पुलिस ने आमजन से अपील की है कि मादक पदार्थ तस्करी या किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस या नारकोटिक हेल्पलाइन नंबर 94604-25643 पर दें।