चित्तौड़गढ़। राजस्थान सरकार के कला, साहित्य, संस्कृति एवं पुरातत्व विभाग के तत्वावधान में “सोमनाथ स्वाभिमान पर्व” का भव्य आयोजन 11 मई 2026 (सोमवार) को जिलेभर में श्रद्धा, भक्ति एवं उत्साह के साथ किया जाएगा। यह आयोजन ईस्वी 1026 में हुए आक्रमण के एक हजार वर्ष तथा स्वतंत्रता के बाद वर्ष 1951 में पुनर्निर्मित सोमनाथ मंदिर के पुनः उद्घाटन के 75 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित हो रहा है।
राष्ट्रीय स्तर का मुख्य कार्यक्रम गुजरात स्थित सोमनाथ मंदिर में प्रातः 9 बजे से पूजन, रूद्राभिषेक एवं विशेष श्रृंगार के साथ प्रारंभ होगा। कार्यक्रम का सीधा प्रसारण टीवी माध्यम से किया जाएगा, जिससे आमजन भी इस ऐतिहासिक एवं आध्यात्मिक आयोजन से जुड़ सकेंगे।
जिला प्रशासन द्वारा चित्तौड़गढ़ में भी प्रातः 9 बजे से खड़ेश्वर महादेव नई पुलिया पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम में द्वादश ज्योतिर्लिंगों की जानकारी, “सोमनाथ स्वाभिमान पर्व रू अखंड आस्था के 1000 वर्ष” विषय पर परिचर्चा, भजन-गायन, सामूहिक महाआरती एवं प्रसाद वितरण किया जाएगा। इस अवसर पर संस्कृति मंत्रालय द्वारा प्रकाशित पुस्तिका का विमोचन तथा मंत्र लेखन कार्यक्रम भी आकर्षण का केंद्र रहेगा।
इसी प्रकार जिले का मुख्य आयोजन देवस्थान विभाग द्वारा मंगलेश्वर महादेव मातृकुंडिया में आयोजित किया जाएगा, जहां बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।