नीमच। शहर के उपनगर बघाना थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में 67 वर्षीय बुजुर्ग की मौत हो गई। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल बन गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार बालाजी धाम कॉलोनी, बघाना निवासी अंबिका प्रसाद पिता मोहनलाल सोमवार सुबह करीब 6 बजे साइकिल से स्टेडियम के पास स्थित श्री गणेश मंदिर दर्शन एवं पूजा के लिए जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में एक कार ने उन्हें टक्कर मार दी, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए।
बताया जा रहा है कि हादसे के बाद कार चालक महावीर जैन ने मानवता का परिचय देते हुए घायल अंबिका प्रसाद को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया, लेकिन वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मृतक अंबिका प्रसाद मूल रूप से रतलाम निवासी थे और वर्तमान में बघाना क्षेत्र में निवास कर रहे थे। उनके पुत्र अविनाश पुलिस विभाग में कांस्टेबल के पद पर पदस्थ हैं। घटना की सूचना मिलते ही परिवार में शोक छा गया और जिला अस्पताल में परिजन, रिश्तेदार एवं परिचितों की भीड़ जुट गई।
फिलहाल जिला अस्पताल में शव का पोस्टमार्टम कर शव परिजनों को सौंप दिया गया है। बघाना थाना पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।