नीमच। शहर के बघाना थाना क्षेत्र अंतर्गत धनेरिया रोड स्थित रज़ाक बिल्डिंग में सुबह एक युवक का संदिग्ध अवस्था में शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान अमजद पिता रशीद खान (25) निवासी बघाना के रूप में हुई है, जो पेशे से बस चालक था।
जानकारी के अनुसार अमजद घर में अकेला रहता था, जबकि उसका परिवार रेलवे कॉलोनी क्षेत्र में निवास करता है। परिजनों ने बताया कि पिछले तीन दिनों से अमजद से संपर्क नहीं हो पा रहा था। लगातार मोबाइल फोन लगाने और कमरे का दरवाजा खटखटाने के बावजूद अंदर से कोई जवाब नहीं मिला।
रविवार सुबह करीब 9 बजे परिजनों ने अनहोनी की आशंका के चलते कमरे का दरवाजा तोड़ा। अंदर का दृश्य देखकर सभी स्तब्ध रह गए। अमजद का शव कुर्सी पर पड़ा मिला तथा उसके गले में रस्सी लिपटी हुई थी। शव कई दिन पुराना होने के कारण कमरे से दुर्गंध आ रही थी।
परिजनों ने युवक की मौत को संदिग्ध बताते हुए शरीर पर चोट के निशान होने का दावा किया है और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।
सूचना मिलते ही बघाना थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भिजवाया। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर मामला फांसी से जुड़ा प्रतीत हो रहा है, हालांकि मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगा।