नीमच। आम आदमी पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष इंजी. नवीन कुमार अग्रवाल ने एमपीआरडीसी द्वारा भाटखेड़ा फंटे से जावद चौराहा तक बनाए जा रहे फोरलेन सड़क निर्माण में अनियमितताओं और भ्रष्टाचार के आरोप लगाते हुए जिला कलेक्टर, मुख्यमंत्री एवं प्रमुख सचिव को पत्र लिखकर जांच और वैधानिक कार्रवाई की मांग की है।
अग्रवाल ने आरोप लगाया कि निर्माण कार्य में मानकों की अनदेखी की जा रही है, जिससे आमजन को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है और सड़क दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ गया है। उन्होंने कहा कि कई बार शिकायतों के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई, जिससे निर्माण एजेंसी मनमाने तरीके से कार्य कर रही है।
पत्र में उन्होंने सड़क निर्माण से जुड़ी कई अनियमितताओं का उल्लेख किया है। उनका कहना है कि सड़क की ऊंचाई आसपास के मकानों और दुकानों से अधिक बनाई जा रही है, जिससे बारिश में जलभराव की स्थिति बन सकती है। साथ ही सेंटर लाइन के अनुसार निर्माण नहीं कर सड़क को एकतरफा तरीके से बनाया जा रहा है।
उन्होंने आरोप लगाया कि नालियों की स्लैब में पर्याप्त स्टील का उपयोग नहीं किया जा रहा, जिसके कारण कई स्थानों पर निर्माण के दौरान ही स्लैब टूटने लगी हैं। सड़क किनारे मानक अनुसार मुरम भरने के बजाय कचरा मिश्रित मिट्टी का उपयोग किया जा रहा है। वहीं बेस निर्माण में मजबूत बोल्डर की जगह घटिया सामग्री और चुरी मिश्रित पत्थरों का उपयोग किए जाने का भी आरोप लगाया गया है।
अग्रवाल ने कहा कि निर्माण स्थल पर सुरक्षा संकेतक नहीं लगाए जा रहे, जिससे लगातार दुर्घटनाएं हो रही हैं। उन्होंने दावा किया कि कुछ हादसों में लोगों की मौत भी हो चुकी है। इसके अलावा सर्विस रोड का समतलीकरण और मुरमीकरण किए बिना सड़क खोदने का कार्य किया जा रहा है, जो डीपीआर का उल्लंघन है।
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि सड़क निर्माण में सीमेंट, रेत और गिट्टी का मानक अनुसार मिश्रण नहीं होने से सड़क में अभी से दरारें दिखाई देने लगी हैं।
इंजी. अग्रवाल ने पत्र में कहा कि यह सड़क जनता के टैक्स के पैसे से बन रही है, इसलिए गुणवत्ता से समझौता नहीं होना चाहिए। उन्होंने मांग की कि निर्माण कार्य की निष्पक्ष जांच कर दोषी अधिकारियों और ठेकेदार के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाए। साथ ही चेतावनी दी कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन किया जाएगा।