भानपुरा/मंदसौर। नशे के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत भानपुरा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 58 किलो 285 ग्राम अवैध गांजा जब्त किया है। जब्त मादक पदार्थ की अनुमानित कीमत करीब 8 लाख 70 हजार रुपये बताई गई है। मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।
पुलिस मुख्यालय भोपाल के निर्देश पर जिले में अवैध मादक पदार्थों की धरपकड़ अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस अधीक्षक मंदसौर विनोद कुमार मीणा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमलता कुरील एवं एसडीओपी विजय कुमार यादव के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक रमेशचंद्र दांगी के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई।
पुलिस के अनुसार 11 मई 2026 को थाना भानपुरा में पदस्थ उपनिरीक्षक सूर्यपाल मईड़ा को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम बाबुल्दा निवासी भेरुलाल माली अपने खेत स्थित टापरी में बड़ी मात्रा में गांजा रखे हुए है और उसे किसी तस्कर को सप्लाई करने की तैयारी में है।
सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची, जहां एक व्यक्ति पुलिस को देखकर भागने का प्रयास करने लगा। घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया गया। पूछताछ में उसने अपना नाम भेरुलाल माली पिता कन्हैयालाल माली (47) निवासी बाबुल्दा थाना भानपुरा बताया। तलाशी लेने पर चार कट्टों में भरा 58.285 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20 के तहत मामला दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी से गांजे के स्रोत एवं सप्लाई नेटवर्क के संबंध में पूछताछ की जा रही है। कार्रवाई में थाना प्रभारी रमेशचंद्र दांगी सहित भानपुरा पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका रही।