मंदसौर। थाना अफजलपुर पुलिस ने नोटों की बारिश कर धन दोगुना करने का झांसा देकर लाखों रुपये की ठगी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मामले में दो अन्य आरोपी अब भी फरार हैं, जिनकी तलाश जारी है।
पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार मीणा के मार्गदर्शन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक तेरसिंह बघेल एवं एसडीओपी ग्रामीण कीर्ति बघेल के निर्देशन में थाना प्रभारी निरीक्षक हरीश मालवीय के नेतृत्व में पुलिस टीम ने यह कार्रवाई की।
पुलिस के अनुसार नंदावदा निवासी फरियादी वर्दीचंद्र पिता गोपाल किर ने थाना अफजलपुर में शिकायत दर्ज कराई थी कि करीब 7-8 माह पूर्व अमरसिंह नामक व्यक्ति ने उसे “गुरुजी” द्वारा नोटों की बारिश कर पैसा दोगुना करने का लालच दिया। इसके बाद आरोपी फरियादी को झावल क्षेत्र के खेतों में ले गए, जहां पूजा-पाठ के नाम पर उससे 2 लाख 51 हजार रुपये ऐंठ लिए।
आरोपियों ने फरियादी को बताया कि पूजा सफल नहीं हुई है, इसलिए दोबारा पूजा ओंकारेश्वर में करनी होगी। वहां ले जाकर एक व्यक्ति ने मरने का नाटक किया और बाद में आरोपियों ने फरियादी को डराया कि मृतक के परिजन परेशान कर रहे हैं तथा उन्हें पैसा देना पड़ेगा। भय के कारण फरियादी से अलग-अलग किश्तों में कुल 7 लाख 70 हजार रुपये वसूल लिए गए।
बाद में फरियादी को पता चला कि मरने का नाटक करने वाला व्यक्ति जीवित है। जांच के दौरान पुलिस ने भैरूलाल कनारची की पहचान की, जो पूर्व में भी इसी प्रकार के मामलों में जेल जा चुका है। पूछताछ में गिरोह के अन्य सदस्यों के नाम सामने आए।
पुलिस ने आरोपी जगदीश पिता गोवर्धनलाल सोलंकी निवासी कुचड़ौद एवं भैरूलाल पिता मांगीलाल कनारची निवासी कुचड़ौद को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जिला जेल मंदसौर भेज दिया गया।
मामले में वाहिद हुसैन निवासी कुचड़ौद और अमरसिंह बागरी निवासी झावल फरार हैं। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 40 हजार रुपये नकद, एक ऑल्टो कार एवं एक पल्सर मोटरसाइकिल जब्त की है। कार्रवाई में थाना प्रभारी हरीश मालवीय सहित अफजलपुर पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।