चित्तौड़गढ़। जिले में संगीन एवं गंभीर अपराधियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे तीन दिवसीय विशेष अभियान के तहत जिला पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए सोमवार को 3 ईनामी बदमाशों और 8 टॉप-टेन अपराधियों को गिरफ्तार किया। साथ ही 3 हार्डकोर अपराधियों को थाने बुलाकर पूछताछ की गई। अभियान के दौरान अब तक कुल 11 ईनामी एवं 24 टॉप-टेन अपराधियों को गिरफ्तार किया जा चुका है।
पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक मनीष त्रिपाठी के नेतृत्व में जिलेभर में यह विशेष अभियान चलाया गया। अभियान के तहत समाज में दहशत फैलाने वाले चिन्हित हार्डकोर अपराधियों फिरोज खां, दाऊद खां एवं मनीष कुमार जैन को थाना कोतवाली निम्बाहेड़ा बुलाकर पूछताछ की गई। वहीं दो अन्य हार्डकोर अपराधी रोशनलाल बावरी एवं विजय हरिजन वर्तमान में जेल में बंद हैं।
पुलिस ने लंबे समय से फरार चल रहे पांच हजार रुपये के ईनामी आरोपी अक्षय उर्फ राजा उर्फ चिमन उर्फ इलियास निवासी डूंगरपुर, दस हजार रुपये के ईनामी भरत कुमार उर्फ भुदरा राम निवासी जालौर तथा दस हजार रुपये के ईनामी बदमाश राजा उर्फ राजाराम निवासी मंदसौर (मप्र) को गिरफ्तार किया है।
इसके अलावा पुलिस ने टॉप-टेन अपराधियों सोनू उर्फ कलर, श्यामलाल सुथार, नारायण मीणा, निजाम मोहम्मद, धापूबाई मोची, भैरूलाल जाट, सदाराम बंजारा एवं लालूराम रेगर को भी गिरफ्तार किया है।
अभियान के दौरान अवैध हथियार रखने वाले एक आरोपी को भी पकड़ा गया, जबकि 14 व्यक्तियों से पूछताछ कर उन्हें पाबंद किया गया।
पुलिस अधीक्षक मनीष त्रिपाठी ने कहा कि जिले में अवैध हथियार रखने वालों, गैंगस्टर्स और सक्रिय अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।