रतनगढ़। प्रदेशव्यापी नशा विरोधी अभियान के तहत रतनगढ़ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 141 किलो 300 ग्राम अवैध डोडाचूरा एवं एक क्रेटा कार जब्त कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस मुख्यालय भोपाल के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के अंतर्गत उप पुलिस महानिरीक्षक रतलाम रेंज निमिष अग्रवाल, पुलिस अधीक्षक राजेश व्यास, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवलसिंह सिसौदिया एवं एसडीओपी जावद रोहित राठौर के मार्गदर्शन में थाना रतनगढ़ पुलिस ने यह कार्रवाई की।
पुलिस के अनुसार 11 मई 2026 को संदिग्ध वाहनों की चेकिंग के दौरान ग्राम मुवादा के कच्चे रास्ते पर एक सफेद रंग की क्रेटा कार को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान वाहन से 141 किलो 300 ग्राम अवैध डोडाचूरा बरामद हुआ।
मामले में पुलिस ने आरोपी राजेश पिता कन्हैयालाल धाकड़ (33) एवं कन्हैयालाल पिता शंकरलाल धाकड़ (26), दोनों निवासी ग्राम मुवादा थाना रतनगढ़, जिला नीमच को गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने करीब 14 लाख 13 हजार रुपये कीमत का डोडाचूरा तथा लगभग 10 लाख रुपये कीमत की क्रेटा कार जब्त की है। आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है।
कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक भूरालाल भाबर, रतनगढ़ पुलिस टीम एवं साइबर सेल के प्रधान आरक्षक प्रदीप शिंदे की महत्वपूर्ण भूमिका रही।