देवास। जिले में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” के तहत थाना बरोठा पुलिस ने एक शातिर बदमाश को अवैध हथियार के साथ गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। आरोपी दो पहिया वाहन पर अवैध फायर आर्म्स लेकर घूम रहा था।
थाना प्रभारी सविता जाटव ने बताया कि पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक युवक बिना नंबर की काले रंग की मोटरसाइकिल से खोकरिया से बरोठा की ओर जा रहा है और उसके पास अवैध हथियार है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने सुल्पाखेड़ा चौराहे पर घेराबंदी कर संदिग्ध को पकड़ लिया।
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम शुभम बामनिया, निवासी बरखेड़ी थाना बरोठा, जिला देवास बताया। तलाशी लेने पर उसके पास से 315 बोर का अवैध देशी कट्टा और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ। साथ ही घटना में प्रयुक्त करीब ₹80 हजार कीमत की मोटरसाइकिल भी जब्त की गई।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा 25, 27 के तहत प्रकरण दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। उल्लेखनीय है कि आरोपी के खिलाफ पहले से ही 3 आपराधिक मामले दर्ज हैं।