मनासा। कोर्ट परिसर के बाहर सोमवार शाम एक वैवाहिक विवाद अचानक हिंसक रूप ले लिया। देखते ही देखते दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और जमकर पत्थरबाजी शुरू हो गई। घटना से पूरे क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। आसपास के दुकानदारों ने सुरक्षा के चलते अपने शटर गिरा दिए, जबकि राहगीर जान बचाकर इधर-उधर भागते नजर आए। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
पुराने वैवाहिक विवाद से उपजा मामला-
जानकारी के अनुसार मामला ग्राम मालहेड़ा निवासी एक युवती के विवाह से जुड़ा बताया जा रहा है। करीब चार वर्ष पूर्व युवती का विवाह सावनकुंड क्षेत्र में हुआ था, लेकिन लंबे समय से वैवाहिक विवाद चल रहा था। बताया गया कि ससुराल पक्ष युवती को अपने साथ रखने के लिए तैयार नहीं था। इसी विवाद को लेकर युवती का मामा उसे लेकर मनासा कोर्ट पहुंचा था। कोर्ट कार्यवाही के बाद बाहर निकलते ही दोनों पक्षों में कहासुनी हो गई, जो कुछ ही क्षणों में पत्थरबाजी में बदल गई।
पुलिस ने मौके पर संभाली स्थिति-
घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी निलेश अवस्थी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए दोनों पक्षों को अलग कर माहौल शांत कराया।
क्रॉस रिपोर्ट दर्ज, 4 आरोपी जेल भेजे गए-
पुलिस ने मामले में दोनों पक्षों की क्रॉस रिपोर्ट दर्ज की है। पुलिस ने जयपाल, बंसीलाल, प्रताप, मुकेश, मदनलाल, प्रहलाद एवं जगदीश सहित कुल 7 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। इनमें से 4 आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय के आदेश पर जेल भेज दिया गया है, जबकि अन्य की जांच जारी है।
एसडीएम ने दी सख्त चेतावनी-
मनासा एसडीएम किरण आंजना ने घटना को गंभीर बताते हुए कहा कि सार्वजनिक स्थानों पर कानून व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।