मंदसौर। पीजी कॉलेज के प्राचार्य पर चतुर्थ श्रेणी दिव्यांग कर्मचारी के साथ मारपीट और प्रताड़ना के आरोप को लेकर मंगलवार को शहर का माहौल गरमा गया। एफआईआर दर्ज नहीं होने से नाराज एनएसयूआई कार्यकर्ताओं और कांग्रेस नेताओं ने वायडी नगर थाने पर प्रदर्शन किया और कुछ देर के लिए चक्काजाम कर दिया।
प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए सड़क जाम कर दी, जिससे यातायात प्रभावित हुआ। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर प्रदर्शनकारियों को हटाया और कुछ को थाने के अंदर बैठाया।
आक्रोश बढ़ने पर विधायक विपिन जैन भी थाने पहुंचे और पुलिस से चर्चा की। उन्होंने आरोप लगाया कि पीड़ित को न्याय नहीं मिल रहा है और एफआईआर दर्ज की जानी चाहिए, अन्यथा आंदोलन किया जाएगा।
मामला 8 मई 2026 का बताया जा रहा है, जिसमें पीड़ित कार्यालय सहायक परेश बारवाल ने प्राचार्य पर थप्पड़ मारने और प्रताड़ित करने के आरोप लगाए हैं। पीड़ित ने मानसिक व शारीरिक उत्पीड़न का भी दावा किया है।
वहीं प्राचार्य ने सभी आरोपों को निराधार बताया है और कहा कि केवल कार्य में लापरवाही पर फटकार लगाई गई थी। थाना प्रभारी ने कहा कि मामले की जांच जारी है और नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
काफी हंगामे के बाद पुलिस ने तीन दिन में जांच पूरी कर कार्रवाई का आश्वासन दिया, जिसके बाद प्रदर्शन समाप्त हुआ।