मंदसौर। मंदसौर-संजीत रोड पर मंगलवार रात दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर में दो मौसेरे भाई गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को जिला चिकित्सालय पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
जानकारी के अनुसार हाड़ी पिपलिया (जिला नीमच) निवासी विशाल (26) और रंजीत (22) ग्राम गन्नई स्थित ईंट भट्टे पर मजदूरी करते हैं। मंगलवार रात दोनों बाइक से दूध लेने जा रहे थे। इसी दौरान सामने से तेज रफ्तार में आ रही एक मोटरसाइकिल ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
हादसा इतना भीषण था कि दोनों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। विशाल के सिर, मुंह, हाथ और पैर में चोटें आई हैं, जबकि रंजीत के सिर, कंधे और पैर में गंभीर चोट बताई जा रही है।
घटना के बाद टक्कर मारने वाला बाइक चालक अपनी मोटरसाइकिल मौके पर छोड़कर फरार हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों के बयान दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।