मंदसौर। जिले के पिपलिया मंडी स्थित थडोद टोल प्लाजा के समीप बुधवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
मृतक की पहचान पिपलिया मंडी निवासी के रूप में-
जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान पिपलिया मंडी निवासी वसीम खान के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वसीम खान अपनी मोटरसाइकिल से महू-नीमच हाईवे से गुजर रहे थे, तभी थडोद टोल प्लाजा के पास किसी अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
भीषण टक्कर में मौके पर ही मौत-
टक्कर इतनी भीषण थी कि वे सड़क पर गिर पड़े और सिर डिवाइडर से टकरा गया। अत्यधिक खून बहने के कारण उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
एम्बुलेंस टीम ने पहुंचाया अस्पताल-
घटना की सूचना मिलते ही टोल टैक्स की एम्बुलेंस मौके पर पहुंची। एम्बुलेंस में तैनात डॉक्टर, पैरामेडिकल स्टाफ विशाल गिरीश भाटी, पायलट गोविंद सिंह देवड़ा तथा हेल्पर दिनेश बागड़ी ने घायल युवक को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
परिजनों में मचा कोहराम-
हादसे की सूचना मिलते ही परिजनों में मातम छा गया। जिला अस्पताल में परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल रहा। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया।
पुलिस जांच में जुटी-
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों और प्रत्यक्षदर्शियों के आधार पर अज्ञात वाहन की तलाश की जा रही है।