नीमच। पुलिस मुख्यालय भोपाल द्वारा चलाए जा रहे “ऑपरेशन मुस्कान” अभियान के तहत मनासा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने अपहृत नाबालिग बालिका को सकुशल दस्तयाब कर आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। पुलिस अधीक्षक राजेश व्यास के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवलसिंह सिसोदिया एवं एसडीओपी मनासा के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी निरीक्षक निलेश अवस्थी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई को अंजाम दिया।
पुलिस के अनुसार 23 अप्रैल 2026 को पिपलियारावजी निवासी एक व्यक्ति ने थाना मनासा में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसकी नाबालिग पुत्री वर्षा (परिवर्तित नाम) बाजार जाने का कहकर घर से निकली थी, लेकिन वापस नहीं लौटी। परिजनों द्वारा काफी तलाश के बाद भी उसका कोई सुराग नहीं मिला।
रिपोर्ट पर थाना मनासा में अपराध क्रमांक 191/26 दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। पुलिस ने अलग-अलग टीमें गठित कर बालिका की तलाश शुरू की। तकनीकी साक्ष्यों एवं साइबर सेल की मदद से जानकारी मिली कि बालिका तेलंगाना के खम्मम क्षेत्र में आरोपी के कब्जे में है।
पुलिस टीम ने तत्काल दबिश दी। इस दौरान आरोपी बालिका को लेकर वहां से भाग निकला। लगातार पीछा करते हुए पुलिस ने मल्हारगढ़ क्षेत्र से नाबालिग बालिका को सकुशल दस्तयाब कर आरोपी विजय पिता बालूराम नायक निवासी उचेड को गिरफ्तार कर लिया। प्रकरण में आगे की विवेचना जारी है।
इनकी रही सराहनीय भूमिका-
कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक निलेश अवस्थी, सउनि दिलीप कुमार, आरक्षक दशरथ जाटव, साइबर सेल प्रभारी प्रदीप शिंदे एवं साइबर टीम की विशेष भूमिका रही।पुलिस ने बताया कि “ऑपरेशन मुस्कान” के तहत गुमशुदा एवं लापता बच्चों की तलाश के लिए जिलेभर में लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है, जिससे पीड़ित परिवारों को राहत मिल रही है।