नीमच। जिले में लगातार बढ़ रही अघोषित बिजली कटौती और चरमराई विद्युत व्यवस्था को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी नीमच ने बिजली विभाग के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। जिला कांग्रेस अध्यक्ष तरुण बाहेती के नेतृत्व में कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने अधीक्षण यंत्री जयपाल सिंह ठाकुर को कड़ा विरोध पत्र सौंपते हुए बिजली व्यवस्था में तत्काल सुधार की मांग की।
कांग्रेस ने आरोप लगाया कि भीषण गर्मी के इस दौर में शहर से लेकर ग्रामीण अंचलों तक घंटों अघोषित बिजली कटौती की जा रही है, जिससे आमजन का जीवन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। बिना किसी पूर्व सूचना के हो रही कटौती से लोग रातभर परेशान रहने को मजबूर हैं। विशेष रूप से बुजुर्ग, बच्चे और बीमार व्यक्ति अधिक प्रभावित हो रहे हैं।
पत्र में उल्लेख किया गया कि ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति का कोई निश्चित शेड्यूल नहीं होने से किसानों के सिंचाई कार्य प्रभावित हो रहे हैं। वहीं लगातार ट्रिपिंग और बिजली व्यवधान के कारण व्यापारियों एवं लघु उद्योग संचालकों को भी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। कई स्थानों पर विद्युत उपकरण खराब होने की शिकायतें भी सामने आ रही हैं।
कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने नीमच सिटी के एक क्षेत्र में 17 घंटे तक बिजली बंद रहने तथा जिम्मेदार अधिकारियों द्वारा फोन रिसीव न करने को गंभीर प्रशासनिक लापरवाही बताया।
कांग्रेस ने चेतावनी दी कि यदि अघोषित बिजली कटौती पर तत्काल रोक लगाकर शहर एवं गांवों में निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित नहीं की गई, तो संगठन सड़कों पर उतरकर उग्र आंदोलन करेगा।